मंडी गोबिंदगढ़ में पंजाब सखी शक्ति मेले में गायक सब्भा ने बिखेरा जलवा, झूम उठे दर्शक
गुलाब एंटरटेनमेंट (संगरूर) के सहयोग से आयोजित यह मेला 6 सितंबर तक चलेगा

मंडी गोबिंदगढ़ , 30 अगस्त (मनोज भल्ला / संजय ): पंजाब सरकार के ‘रंगला पंजाब’ विजन के तहत स्थानीय खालसा स्कूल ग्राउंड में चल रहे 16 दिवसीय ‘पंजाब सखी शक्ति मेला: मेला रंग पंजाब दे’ में शहरवासियों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। विधायक गुरिंदर सिंह गैरी वड़िंग के नेतृत्व और गुलाब एंटरटेनमेंट (संगरूर) के सहयोग से आयोजित यह मेला 21 अगस्त से 6 सितंबर तक चलेगा, जिसमें हर दिन हजारों की संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं।
मेले की सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पंजाबी गायक सब्भा ने मुख्य आकर्षण के तौर पर शिरकत की। कार्यक्रम का शानदार आगाज गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद युवा गायक शिवराज गिल ने अपने सुरों से दर्शकों का मन मोहा। मंच पर आते ही सब्भा ने धार्मिक गीत ‘जेहदे विच ऐ सवार सारी दुनिया, ओ बाबा नानक चलाउंदा ए जहाज नु’ गाकर परमात्मा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने ‘तेरा कोका करके धोखा नी दिल ले गया’, ‘फ्लाइ’, ‘बाउंसर’ और ‘भाभी बलवीरो’ जैसे सुपरहिट गानों की झड़ी लगाकर पंडाल में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

गुलाब एंटरटेनमेंट के गुलाब जी ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के अनुरूप पंजाब में मेलों की पुरानी संस्कृति को पुनर्जीवित किया जा रहा है। इस भव्य मेले के माध्यम से झूले, फूड स्टॉल, लाइट-साउंड, टेंट और महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों के जरिए लगभग 10,000 से अधिक लोगों व मजदूरों को सीधा रोजगार मिल रहा है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए एक सकारात्मक कदम है।
इस दौरान मेले में भारी भीड़ को देखते हुए जिला फतेहगढ़ साहिब पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एसएसपी शुभम अग्रवाल, डीएसपी बिक्रमजीत सिंह घुम्मण और स्थानीय एसएचओ संदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल व फायर ब्रिगेड की टीमें 24 घंटे तैनात हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा मंच से लगातार लोगों को अपने कीमती सामान और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की जा रही है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आयोजन समिति गुलाब एंटरटेनमेंट के गुलाब जी ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर इस्कॉन मंदिर की 15 सदस्यीय टीम द्वारा भजन-कीर्तन और पारंपरिक माखन हांडी फोड़ कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, 5 सितंबर को शहर के प्रवासी भाईचारे के सम्मान में विशेष ‘भोजपुरी सांस्कृतिक संध्या’ का आयोजन किया जाएगा। मेले की अगली कड़ी में आज 30 अगस्त को प्रसिद्ध गायक जोबन संधू अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस अवसर पर नगर काउंसिल प्रधान हरप्रीत सिंह प्रिंस, मनी वड़िंग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिट्टू, महिला विंग की ब्लॉक प्रधान मोनिका उप्पल, गीतांजलि , इन्फोटेक पंजाब के डायरेक्टर ओंकार चौहान, संस्कृति मंत्री के ओएसडी नागरा, विक्की टोटेजा और दमन टोटेजा सहित भारी संख्या में शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।