मंडी गोबिंदगढ़ में ‘पंजाब सखी शक्ति मेला’ ने बांधा समां ,मोहम्मद सदीक और सुखजीत कौर के शानदार गानों पर झूमे दर्शक
पंजाबी संस्कृति और महिला सशक्तिकरण को समर्पित हो रहा आयोजन- गुलाब जी

मंडी गोबिंदगढ़, 28 अगस्त (मनोज भल्ला / संजय चौधरी ) – पंजाब सरकार की रंगला पंजाब मुहिम के तहत जिला प्रशासन श्री फतेहगढ़ साहिब तथा गुलाब एंटरटेनमेंट संगरूर के सहयोग से स्थानीय खालसा स्कूल के ग्राउंड में ‘पंजाब सखी शक्ति मेला’ धूमधाम एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। हलका अमलोह के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग की अगुवाई में आयोजित इस मेले में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं धार्मिक गीत से किया गया। इसके बाद पंजाब के प्रसिद्ध लोक गायक मोहम्मद सदीक तथा सुखजीत कौर ने अपनी शानदार गायकी से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मोहम्मद सदीक और सुखजीत कौर ने ‘100 का नोट’, ‘माइया ढोल सिपाहिया’, ‘तेरे सहरियों का पिंड नजदीक आ गया’, ‘मुक गई अफीम डिब्बी ’चों’ तथा ‘जट्टी मिली जट्ट नूं पतंग वर्गी’ सहित कई लोकप्रिय दुगाने पेश किए। कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण प्रतिक्रियाओं के साथ उनका भरपूर हौसला बढ़ाया। देर तक पूरा माहौल पंजाबी लोक संगीत और संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं आयोजकों ने पंजाब सरकार तथा मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मेले पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘पंजाब सखी शक्ति मेला’ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की लोक गायकी, लोक कलाओं और पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों का लगातार आयोजन जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने के साथ-साथ कलाकारों को भी अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से डिप्टी कमिश्नर सोना थिंद , अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर, एस.डी.एम. अमलोह, जिला पुलिस प्रमुख (एस.एस.पी.), जिला परिषद चेयरमैन , आम आदमी पार्टी के संगठन इंचार्ज , नगर कौंसिल के अधिकारी, नगर कौंसिल पार्षद तथा पार्टी वालंटियर विशेष रूप से उपस्थित रहे।आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, आयोजन टीम तथा दूर-दराज से पहुंचे सभी दर्शकों का दिल से धन्यवाद किया।



