बाबा साहेब अम्बेडकर वेलफेयर क्लब के सोनू गोबिंदगढिया ने एसइनएएस मॉडल स्कूल में पढ़ाई में अव्वल विद्यार्थियों और कर्मवीरों का किया सम्मान
होनहार छात्रों, शिक्षकों और बच्चों की सुरक्षा में लगे स्टाफ को किया सम्मानित

मंडी गोबिंदगढ़, 19 अप्रैल ( मनोज भल्ला )- बाबा साहेब अम्बेडकर वेलफेयर क्लब की ओर से प्रमुख समाज सेवी सोनू गोबिंदगढ़िया के नेतृत्व में एसइनएएस. मॉडल स्कूल में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, इस सम्मान समारोह की सबसे खास बात यह रही कि इसमें केवल पढ़ाई में अव्वल रहने वाले बच्चों और बेहतरीन कार्यप्रणाली वाले अध्यापकों को ही नहीं सराहा गया, बल्कि उन गुमनाम नायकों का भी सम्मान किया गया जो बच्चों की रोजमर्रा की सुरक्षा और देखभाल करते हैं। बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके घर तक पहुंचाने वाले स्कूल बस के ड्राइवरों और स्कूल में बच्चों की मां की तरह देखभाल करने वाली सेविकाओं को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। उनकी इस निस्वार्थ सेवा के लिए जब उन्हें सन्मान चिह्न दिया गया, तो पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जोगिंदर सिंह मैनी, अभिषेक कुमार, नरेश कुमार, निपुन मित्तल, अमित कुमार गंभीर और मनीषा गंभीर उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ स्कूल प्रिंसिपल रितु शर्मा ने मुख्य अतिथियों तथा उपस्थित गणमान्यों का स्वागत कर किया। समारोह का संचालन और स्वागत भाषण करते हुए प्रिंसिपल रितु शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान समारोह स्कूल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने मेधावी छात्रों, समर्पित शिक्षकों, जिम्मेदार ड्राइवरों व सेविकाओं की सराहना करते हुए कहा कि इनकी मेहनत से ही स्कूल की साख लगातार बढ़ रही है।
मुख्य अतिथि जोगिंदर सिंह मैनी ने अपने उद्बोधन में छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का आधार है और अम्बेडकर जैसे महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर समाज सेवा में योगदान देना चाहिए। अभिषेक कुमार ने शिक्षकों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि अच्छे गुरु ही राष्ट्र निर्माण की नींव रखते हैं। नरेश कुमार व निपुन मित्तल ने बस ड्राइवरों व सेविकाओं की सुरक्षा के प्रति निष्ठा की प्रशंसा की, जबकि अमित कुमार गंभीर व मनीषा गंभीर ने सोसाइटी का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से छात्रों, शिक्षकों और विशेषकर सहयोगी स्टाफ ड्राइवरों और सेविकाओं का मनोबल कई गुना बढ़ता है और वे और अधिक जिम्मेदारी व समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं।

बाबा बीम राव अम्बेडकर वैलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधि सोनू गोबिंदगढ़िया ने कहा कि सोसायटी का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से समाज के हर वर्ग को मजबूत बनाना है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन व स्टाफ को बधाई देते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजनों का वादा किया।



